नजीबाबाद के गांव गुनियापुर में सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के बाहर धरने पर बैठे किसान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हिजनौर के नजीबाबाद में बैंक से धनराशि नहीं मिलने के विरोध में किसानों ने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक गुनियापुर शाखा के समक्ष धरना दिया। बैंक के उच्चाधिकारियों ने धनराशि का भुगतान कराकर किसानों के गुस्से को शांत किया।
भारतीय किसान यूनियन के प्रांतीय नेता बाबूराम तोमर, युवा जिलाध्यक्ष लाल सिंह, मंडल उपाध्यक्ष ठाकुर गजेंद्र सिंह, होशियार सिंह के नेतृत्व में शनिवार सुबह कई किसान सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की गुनियापुर शाखा के सामने धरने पर बैठ गए। किसानों का आरोप था कि 500 और 1000 रुपये के नोट का प्रचलन बंद होने के बाद से बैंक द्वारा बचत खाते में जमा धनराशि का भुगतान उन्हें नहीं किया जा रहा है। किसानों के परिवार रोजमर्रा के खर्च के लिए परेशान हैं। धन के अभाव में कृषि कार्य भी चौपट हो रहा है। भाकियू नेता सौपाल सिंह, तेजपाल सिंह, विरेश कुमार, धर्म सिंह, कल्याण सिंह ने बैंक में सक्रिय दलालों पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। किसानों ने बैंक अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बैंक के शाखा प्रबंधक को अपने बीच धरना स्थल पर बैठा लिया। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि धनराशि मिलने तक धरना समाप्त नहीं होगा।
बैंक प्रबंधक ने उच्चाधिकारियों से बात कर जल्द नियमित धनराशि के भुगतान का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। प्रदर्शनकारियों में परम सिंह, रणवीर सिंह, सौनाथ सिंह, ऋषिपाल सिंह, योगेंद्रपाल, रोहित कुमार, रामबहादुर, ब्रजभान सिंह, रूपराम, महेंद्र सिंह आदि बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।