हीमपुर दीपा। थाना क्षेत्र के गांव गदनपुरा के जंगल में फसल की सिंचाई के लिए नलकूप चलाने गए 20 वर्षीय किसान युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में शव लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव गदनपुरा निवासी किसान हरेंद्र सिंह का 20 वर्षीय पुत्र विकास सोमवार दोपहर खेत पर स्थित नलकूप चलाने गया था। इसी दौरान वह बिजली के टूटे हुए तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दोपहर में भोजन के समय जब विकास घर नहीं लौटा तो उसके पिता हरेंद्र सिंह उसे देखने खेत पहुंचे। वहां नलकूप के पास विकास का शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर थाने ले आए। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक विकास किसान हरेंद्र सिंह का छोटा पुत्र था। उसका बड़ा भाई आकाश है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे माता शारदा, पिता हरेंद्र सिंह, बड़े भाई आकाश समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया।
सीओ चांदपुर देश दीपक ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।