- मंडावली के गांव गुढ़ा का मामला, कच्चे मकान में सो रहा था किसान
फोटो-24एनजेडबी02ए और 02बी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडावली/नजीबाबाद। कच्चे मकान की छत गिरने से एक किसान की मौत हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से किसान के शव को मलबे से बाहर निकाला। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मंडावली के गांव गुढ़ा में बृहस्पतिवार रात किसान मेघा सिंह (60) अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य घर के भीतर सो रहे थे। रात करीब 11 बजे अचानक कच्चे मकान की छत गिर गई। छत के मलबे में दबकर किसान मेघा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से मलबे से किसान के शव को बाहर निकाला। सूचना पर थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह, हल्का लेखपाल चंद्र प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि तीन दिन पूर्व बारिश होने से मकान की दीवारों में पानी आ गया था। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। उधर, एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों से मामले की जांच कराई गई है। किसान के परिजनों को कृषक दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।