झालू। नगर में गणपति बप्पा को अंतिम विदाई दी गई। नगर में कई वर्षों से गणपति बप्पा का उत्सव धूमधाम से मनाया जाता रहा है। लेकिन इस वर्ष पर्व को लेकर होने वाले हर्षोल्लास पर कोरोना का प्रभाव दिखा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं ने गंगा बैराज पर गणपति का विसर्जन किया।
बुधवार को श्रद्धालुओं ने गणेश जी की प्रतिमा को लेकर गंगा बैराज के तट पर पहुंचे यहां पर श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष के साथ प्रतिमा को गंगा बैराज में विसर्जित कर दिया। संजय वर्मा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गणेश चतुर्थी पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन करते आ रहे हैं। लेकिन इस बार कोरोना संकट के चलते गणेश चतुर्थी पर बड़ा आयोजन नहीं किया। हर वर्ष ग्यारह दिन का कार्यक्रम होता था। लेकिन इस बार पांच दिन का कार्यक्रम किया तथा पूरे परिवार के साथ गंगा बैराज पर पहुंचकर गणपति जी को श्रद्धा भाव से विदाई दी।