शाहिद की खुदकुशी पर परिजनों को यकीन नहीं
बिजनौर। बृहस्पतिवार की रात ईदगाह रोड पर हयात नगर कॉलोनी में खंबे से लटककर युवक ने खुदकुशी की थी या उसकी हत्या हुई। इसकी जांच पड़ताल में पुलिस जुटी है। परिजन मानने को तैयार नहीं है कि युवक ने खुदकुशी की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी से मौत आया है।
बिजनौर के मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी 35 साल का शाहिद ईदगाह रोड पर बिल्डिंग मैटीरियल का कारोबार करता था। परिजनों के अनुसार उसका कारोबार ठीक चल रहा था। शाहिद भी अपने कारोबार से खुश था। न ही उसे कोई तनाव था। बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे शाहिद का शव ईदगाह से आगे हयातनगर कॉलोनी के स्ट्रीट लाइट के खंभे से लटका मिला। मृतक के गले में रस्सी बंधी थी। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण हैंगिंग आया है। लेकिन परिजन इस बात को मानने को तैयार नहीं है कि शाहिद ने खुदकुशी की है। परिजनों के मुताबिक शाहिद के गले में रस्सी का फंदा डालकर हत्या की है। जिस खंबे पर शव लटका था उस पर खुदकुशी करना संभव नहीं हैं। शहर कोतवाल राजेश सोलंकी के मुताबिक इस मामले में अभी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। इसके बाद भी पुलिस मौत के सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही मामले का सही पता चल सकेगा।
तीन बदमाश जिला बदर किए
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने धामपुर थाने के गांव जहांगीराबाद निवासी वाजिद, शेरकोट के मोहल्ला कस्सावान निवासी शाहिद व शहर कोतवाली की कांशीराम कालोनी निवासी सुधांशु गोयल को छह माह के लिए जिला बदर किया है। गुंडा अधिनियम की कार्रवाई करने के बाद आरोपियों को जिला बदर किया गया है।