विश्वास से मिलेगी कोरोना पर जीत
नगीना। हम कोरोना को हराकर लड़ाई जीतेंगे, यही विश्वास हमें जीत दिलाएगा। यह कहना है पिछले वर्ष कोरोना महामारी से संक्रमित हुए हिंदू इंटर कॉलेज नगीना के सेवानिवृत्त उप प्रधानाचार्य अनिल कुमार गुप्ता बंधु का।
नगर के मोहल्ला पाधान निवासी हिंदू इंटर कॉलेज नगीना के पूर्व उप प्रधानाचार्य 70 वर्षीय अनिल कुमार गुप्ता (बंधु) का कहना है कि वह पिछले वर्ष कोरोना महामारी की लहर के प्रकोप से बचने के लिए अधिकतर समय अपने घर के भीतर ही रहे। इसके बावजूद पिछले वर्ष 16 अगस्त को उनकी पत्नी कोरोना से संक्रमित हो गई तो उनके मन में काफी चिंता होने लगी। वह बताते हैं कि ऐसे समय उनके भाइयों व भतीजों ने हम दोनों (पति, पत्नी) का हौसला व आत्मबल बनाए रखा। कोरोना संक्रमण के कारण मेरी पत्नी को इलाज के लिए अकेले मुरादाबाद जाना पड़ा। वह बताते हैं कि 18 अगस्त को उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ जाने के बाद वह भी मुरादाबाद के टीएमयू अस्पताल में भर्ती हो गए।
उनका कहना है कि अस्पताल में हम दोनों पति-पत्नी एक ही वार्ड में थे, इससे एक दूसरे की हिम्मत बनाए रखने में बहुत मदद मिली। उनका कहना है कि अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों के मधुर व अच्छे व्यवहार के चलते उन दोनों की मानसिक चिंताएं कम होने लगीं तथा कोरोना का मनोवैज्ञानिक डर धीरे धीरे दूर होने लगा। उनका कहना है कि तीन दिन के भीतर ही हम अस्पताल में अपने आप को पूरी तरह स्वस्थ महसूस करने लगे तथा एक सप्ताह के भीतर पूरी तरह स्वस्थ होकर घर वापस लौट आए।
वह अपना अनुभव बताते हैं कि इस बीमारी में रोगी का आत्मबल अच्छा होना चाहिए। उनका कहना है कि बीमार व्यक्ति के अंदर यह आत्मविश्वास होना चाहिए कि वह कोरोना को परास्त कर शीघ्र स्वस्थ होगा। उनका मानना है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मबल व सावधानी के द्वारा इस बीमारी को पूरी तरह मात दी जा सकती है। उनका कहना है कि घर से निकलते समय मास्क का प्रयोग, दो गज की दूरी का फासला बनाए रखना, चिकित्सक की सलाह के बिना किसी भी दवाई का सेवन न करना तथा ऑक्सीजन लेवल कम ना हो इसके लिए पल्स ऑक्सीमीटर से समय-समय पर ऑक्सीजन स्तर चेक करते रहने से आदमी बहुत हद तक अपने आप को इस बीमारी से बचा सकता है।