कालागढ़ में कार्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में समय सीमा से अधिक विचरने पर पार्क प्रशासन ने दस हजार का जुर्माना वसूल किया है। रेंज अधिकारी आरके भट्ट के अनुसार रामनगर से कालागढ़ तक आने में वाहन शाम कालागढ़ पहुंचा, जिस कारण उनसे जुर्माना वसूला गया।
कार्बेट टाइगर रिजर्व पार्क की कालागढ़ रेंज में रविवार को एक वाहन रामनगर से कालागढ़ के लिए चला। वाहन कालागढ़ सांय सात बजे के बाद पहुंचा। जिसे वन विभाग के गेट पर रोक दिया गया। रेंज अधिकारी के अनुसार शाम को कार्बेट टाइगर रिजर्व पार्क में निजी वाहन का प्रवेश वर्जित है।
बिजनौर जनपद निवासी परवेज अहमद से दस हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। रेंज अधिकारी के अनुसार सुबह छह बजे से पहले और शाम चार बजे के बाद कालोनी गेट से वन में प्रवेश की अनुमति नहीं है। जिस कारण से यह जुर्माना वसूल किया गया। पार्क में प्रवेश करने से पहले ही नियम के बारे वाहन चालकों को बता दिया जाता है।
हालांकि कालागढ़ से रामनगर व कोटद्वार मोटरमार्ग आम जनता के लिए न खुलने से अक्सर राहगीरो को परेशानी होती है। उत्तराखंड राज्य में सामरिक महत्व का प्राचीन मार्ग कालागढ़ से रामनगर व कोटद्वार के लिए वन विभाग के अधीन है। जिस पर आम वाहनों के आवागमन पर वन विभाग ने रोक लगा रखी है। विशेष रूप से बिजनौर के वाहनों पर खास निगाह रखी जाती है। लोगों ने एक माह पूर्व उत्तराखंड के काबीना वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत से भी इस मार्ग को खोलने की मांग कर चुके हैं।