धामपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई सुविधाओं में इजाफा किया गया है। अब मरीजों को लिपिड प्रोफाइल, कंपलीट ब्लड काउंट सहित लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट आदि की सुविधा फ्री मिलेगी। विभाग की ओर से इन सभी सुविधाओं को शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इन मशीनों को अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है।
डॉक्टर बहाजुद्दीन ने बताया कि पहले धामपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य अस्पताल में मात्र गर्भवती महिलाओं की जांच एवं सामान्य जांच हो रही थी। एक्स-रे, टीवी, हेपेटाइटिस सी काला पीलिया आदि का टेस्ट किया जा रहा था। अब यहां पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई अन्य जरूरी सुविधाओं को बढ़ा दिया गया है। शुक्रवार को करीब 50 मरीजों ने एलएफटी, केएफटी, सीबीसी और लिपिड प्रोफाइल का टेस्ट कराया।
बताया कि सभी जांच निशुल्क तौर पर हो रहीं हैं। डाॅक्टर ने अस्पताल के लैब टेक्नीशियनों अनुदीप कुमार, देवेश, लवी, डाटा ऑपरेटर रति महेश्वरी और आदित्य कुमार को जरूरी निर्देश दिए। कहा कि कोई भी मरीज परेशान नहीं होना चाहिए। मरीज को विभागीय सुविधा उपलब्ध कराना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।