फेसबुक ने बताया पॉपुलर, इंस्टाग्राम पर 21 हजार फॉलोवर
अचल चौधरी
बिजनौर। श्रुति कौन है, कहां की रहने वाली है, तमाम सवालों के जवाब ढूंढने के लिए लोगों ने सोशल साइटों का रुख किया। नतीजा ये हुआ कि फेसबुक ने कुछ ही घंटों में श्रुति शर्मा को पॉपुलर बता दिया। श्रुति के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अचानक 21 हजार फॉलोवर सोमवार की शाम ढलने से पहले तक हो गए। संख्या लगातार बढ़ रही है।
सोमवार की दोपहर सिविल सेवा परीक्षा के नतीते आए। जिसमें बास्टा की रहने वाली श्रुति शर्मा टॉपर रहीं। इसके तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर श्रुति शर्मा छा गई। फेसबुक पर कुछ ही देर में पेज बन गए, जिन पर श्रुति के इंटरव्यू आदि की वीडियो भी पोस्ट हुए। फेसबुक ने पॉपुलर का टैग भी दे दिया। तमाम व्हाट्सएप ग्रुप पर श्रुति शर्मा को जिले की बेटी होने के कारण बधाई दी जाने लगी। (संवाद)
पहले नहीं हुआ टॉपर बनने पर विश्वास
मीडिया को दिए इंटरव्यू में श्रुति शर्मा ने बताया कि रिजल्ट आने पर पहले तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ। फिर मम्मी और नानी को बताया। उनकी खुशी देख विश्वास हुआ। श्रुति बोली, बहुत अच्छा लग रहा है, पहली रैंक आ जाएगी, यह मेरे लिए सरप्राइज है। इंटरव्यू में श्रुति शर्मा कह रही हैं कि दो दिन पहले से रिजल्ट का इंतजार था।
दिल्ली में रहकर बिजनौर के हर पहलू पर पकड़
भले ही श्रुति बचपन से ही दिल्ली में रहीं। बीच-बीच में बास्टा आती रही हैं। श्रुति शर्मा ने एक इंटरव्यू में बिजनौर की चीनी मिलों, गन्ना, दुष्यंत कुमार और गंगा का जिक्र किया है। श्रुति शर्मा बिजनौर के एतिहासिक, भौगोलिक स्थिति, सांस्कृतिक और मौजूदा स्थितियों के तथ्यों की पूरी समझ रखती हैं।