दो बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत, दो युवकों की जान गई
अफजलगढ़ (बिजनौर)। अफजलगढ़-कालागढ़ मार्ग गांव चौहड़वाला गेट के समीप सोमवार रात हुई दो बाइक की भिड़ंत में एक बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई।
नगर के मोहल्ला मुमताज हुसैन निवासी जीशान (19) पुत्र ख़ालिद तथा चौहड़वाला निवासी मुजाहिद (22) पुत्र अशरफ एक ही बाइक पर अफजलगढ़ की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह चौहड़वाला गेट के समीप पहुंचे उनकी बाइक की टक्कर अफजलगढ़ की ओर से आ रही अन्य बाइक से हो गई। दुर्घटना में मुजाहिद और जीशान दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी भेजा। अस्पताल जाते समय मुजाहिद की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि चिकित्सकों ने घायल जीशान को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे काशीपुर के निजी अस्पताल में ले गए, जहां उपचार के दौरान जीशान की भी मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त हुई दूसरी बाइक के सवार के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई,
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने मुजाहिद के शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया वहीं जीशान के परिजन उसका शव साथ ले गए। कोतवाल ने तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
सड़क दुर्घटना में मरे युवक मुजाहिद का फाइल फोटो।- फोटो : BIJNOR