परिस्थितियों को देखकर होंगी स्नातक की परीक्षाएं
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा को लेकर 17 को होने वाली समिति की समीक्षा बैठक में लिया जाएगा फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक व परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं कोरोना की परिस्थितियां के अनुकूल होने पर होंगी। इसे लेकर परीक्षा समिति की समीक्षा बैठक 17 अगस्त को होगी।
वर्धमान कालेज में रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष व रुहेलखंड शिक्षक संघ रुटा के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शासन ने स्नातक व परास्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षा कराने के बारे में समिति के सुझाव मांगे थे। परीक्षा समिति की 28 जुलाई को हुई बैठक में परीक्षा 27 अगस्त से कराने पर सहमति बनी है। साथ ही यह भी तय हुआ है कि इससे पहले 17 अगस्त को समीक्षा बैठक होगी। इसमें कोरोना की परिस्थितियों की समीक्षा होगी। परिस्थियां अनुकूल होने पर ही परीक्षाएं कराई जाएंगी। बची हुई प्रयोगात्मक परीक्षा आंतरिक परीक्षक स्थानीय परीक्षकों के साथ मिलकर कराएंगे। छात्रों की संख्या अधिक होने पर संस्थागत तथा व्यक्तिगत परीक्षा अलग-अलग होंगी। शारीरिक शिक्षा के अंक कॉलेज द्वारा अंतरिम परीक्षण के आधार पर दिए जाएंगे। यदि किसी परीक्षार्थी को बुखार होने की शिकायत है तो उसकी परीक्षा अलग कमरे में बैठाकर कराई जाएगी ताकि किसी छात्र की परीक्षा नहीं छूटे।