पूर्व सैनिकों ने सम्मेलन में विधायक के सामने उठाईं समस्याएं
अफजलगढ़। पूर्व सैनिक अर्द्ध सैनिक कल्याण समिति कादराबाद का वार्षिक सम्मेलन धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में समिति के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। साथ ही विभिन्न समस्याओं को उठाया गया। क्षेत्रीय विधायक से समस्याओं के शीघ्र निदान का मामला विधानसभा में उठाने का भरोसा दिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह का फूलमालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के पहले पूर्व सैनिक कालोनियों के सम्मान स्वरूप ग्राम कादराबाद अफजलगढ़ कालागढ मुख्य मार्ग पर सैनिक द्वार का विधायक ने फीता काटकर लोकार्पण किया। पूर्व सैनिकों ने कैंटीन बनवाने, पूर्व सैनिकों तथा सेवारत सैनिकों के बच्चों के लिए एक केंद्रीय विद्यालय, डिग्री कालेज, पॉलीटेक्निक कालेज खोलने के लिए विधानसभा में मुद्दे उठाने की विधायक से अपील की। ताकि क्षेत्र के पूर्व सैनिकों के बच्चे तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सरकारी या प्राइवेट कंपनियों में नौकरी प्राप्त कर सके। साथ ही पीएचसी व सीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधाराने के लिए चिकित्सकों की तैनाती की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल जयवीर सिंह व संचालन सूबेदार मेजर पूरन सिंह असवाल ने किया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अंगूरी देवी, जिला पंचायत सदस्य कपिल कुमार, कर्नल हर्ष निधि, मेजर पदम सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल बीबी ध्यानी, लेेफ्टिनेंट कर्नल जयवीर सिंह, कैप्टन रघुवीर सिंह बिष्ट ने सम्मेलन को संबोधित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में सरदार मलकीत सिंह, सतेंद्र फौजी, दर्शन सिंह, अयोध्या प्रसाद व सरदार गुरविंदर सिंह आदि सैकड़ों पूर्व सैनिक शामिल रहे।