‘विदेश से आने वाले हर व्यक्ति की हो जांच’
बिजनौर। जिलाधिकारी ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए हैं कि विदेश से आने वाले हर व्यक्ति की कोविड-19 की जांच और उन्हें क्वारंटीन किया जाए। वहीं डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्गत 15 बिंदु वाले प्रपत्र पर वांछित सूचना संकलित करके शाम पांच बजे तक नोडल अधिकारियों तथा शासन को प्रेषित करें।
शनिवार को जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कोविड-19 से संबंधित बैठक लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विदेश से आने वाले कुछ व्यक्ति क्वारंटीन प्रक्रिया में सहयोग नहीं कर रहे हैं, जो नियम विरुद्घ है। डीएम ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि विदेश से आने वाले लोगों की सूची संबंधित एसडीएम को उपलब्ध कराएं, जिससे आने वाले लोगों को क्वारंटीन किया जा सके। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि हॉट स्पॉट, क्वारंटीन सेंटर और करोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजें। साथ ही नजला-बुखार से ग्रस्त आम लोगों के भी सैंपल लेकर उनकी जांच कराएं। वहीं सीडीओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर कोरोना जांच के लिए सैंपल कलेक्शन करने वाली टीमों को अपने स्तर से निर्देशित करें कि रोजाना कम से कम 400 सैंपल जांच के लिए भेजें और उसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोरोना वायरस नियंत्रण कार्य में अपना योगदान कर रहे अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के कार्मिक अपनी सुरक्षा का खास ध्यान रखें।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा. अनिल कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विजय कुमार यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट परमानंद झा, जिला सर्विलांस अधिकारी डा. एसके निगम, जिला क्षय रोग अधिकारी डा. बीएस रावत, जिला अस्पताल के सीएमएस डा. ज्ञानचंद, महिला सीएमएस डा. आभा वर्मा के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।