कालागढ़। रामगंगा जल विद्युत गृह क्षेत्र में आईपीएस फीडर 4 की हाई वोल्टेज लाइन में आई खराबी के चलते 24 घंटे बीतने के बाद भी पुराने कालागढ़ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो सकी।
पुराने कालागढ़ क्षेत्र की बिजली आपूर्ति 24 घंटे बीतने के बाद भी चालू नहीं हो सकी। बिजली नहीं आने से पुराना कालागढ़ इस्लामनगर व उससे जुड़ी आबादी में लोगों ने रात चहलकदमी करके बिताई। नागरिक और शमसुद्दीन अंसारी, फैयाज अहमद अंसारी, विनोद धारियावाल, शालू अग्रवाल आदि का कहना है कि बिजली नहीं आने की वजह से भयंकर गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। दुकानों में रखा खाने का सामान भी खराब होने लगा है। बिजली नहीं आने से बस्ती के आसपास जंगली जानवरों की तेज हवा से सारी रात सुनाई देती रही।
अधिशासी अभियंता विनोद कुमार गंगवार का कहना है कि पावर हाउस से कालागढ़ की ओर आने वाली बिजली की लाइन में लगे केबिल बक्से में खराबी आ गई। विद्युत विभाग की टीम खराबी को दूर करने का कल से ही प्रयास कर रही है। दिन में लगभग 2:30 बजे बिजली चालू करने की कोशिश की गई। बिजली आपूर्ति सामान्य करने में कठिनाई आने के कारण पुनः 2:50 पर फाल्ट को दूर करने के लिए पावर हाउस से शटडाउन ले लिया गया है।