बिजनौर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का 18 मार्च से मूल्यांकन आरंभ होगा। इसके लिए जनपद में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जहां शिक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा।
इस वर्ष जनपद में 119 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 12 मार्च को संपन्न हुई। परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अब उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रूप से मूल्यांकन केंद्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही माध्यमिक शिक्षा विभाग उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां में जुट गया है। इस बार राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बिजनौर, राजकीय इंटर कॉलेज बिजनौर, बीआईसी और आरजेपी आर्य इंटर कॉलेज बिजनौर बनाए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मूल्यांकन केंद्रों पर परीक्षकों के बैठने, उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रख-रखाव तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
-चार केंद्रों पर होगा मूल्यांकन : डीआईओएस
जिला विद्यालय निरीक्षक जय करन यादव ने बताया कि जिले में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए जा रहे हैं। मूल्यांकन कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए शिक्षकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।