बिजनौर जिले के बड़तला क्षेत्र में जंगल से लकड़ी काटने गई एक महिला की यूकेलिप्टस के पेड़ में दबने से मौत हो गई। बताया जाता है कि महिला अपनी साथी महिलाओं के साथ पेड़ काट रही थी। अचानक पेड़ उसके ऊपर गिर गया।
नांगलसोती के बड़तला क्षेत्र के सुभाष की पत्नी 35 वर्षीय सोनी अपनी महिलाओं के साथ नांगल के नजदीक गंगा खादर क्षेत्र में जलावनी लकड़ी लेने गई थी। सोमवार की दोपहर महिलाएं एक यूकेलिप्टस का पेड़ काट रही थीं, तभी अचानक पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से एक महिला उसके नीचे दब गई।
भारी भरकम पेड़ के नीचे महिला के दबने से साथी महिलाओं में हड़कंप मच गया। पहले महिलाओं ने साथी महिला को बचाने का प्रयास किया बाद में वे घटना स्थल से खिसक गईं। सूचना मिलने पर महिला का पति सुभाष तथा अन्य ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। उधर, मंडावली के दरोगा पद्म सिंह भी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। परिजन एवं ग्रामीणों ने महिला का शव अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई न करने की बात कही। राजगढ़ वन क्षेत्र के जिस स्थान पर पेड़ से दबकर महिला की मौत हुई उसके आसपास यूकेलिप्टस के कई पेड़ कटे पाए गए। फारेस्ट गार्ड महेंद्र सिंह ने घटना और क्षेत्र में पेड़ काटे जाने के प्रति अनभिज्ञता व्यक्त की।