संवाद न्यूज एजेंसी
भागूवाला/नजीबाबाद। वन क्षेत्र से सटे गांव रामपुर चाठा को कोटावाली नदी के कटान से बचाने की कवायद शुरू हो गई है। सिंचाई विभाग ने कोटावाली नदी के कटान क्षेत्र में तटबंध बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। इस तटबंध के बन जान से कई गांवों के लोगों को फायदा होगा।
बरसात में गांव रामपुर चाठा के अस्तित्व को बचाने के लिए सिंचाई विभाग अफजलगढ़ की ओर से कोटावाली नदी की धारा को मोड़ने का कार्य किया गया था। उस दौरान जेसीबी से नदी क्षेत्र में बड़े नाले का निर्माण कराते हुए गांव की ओर मिट्टी का ढेर लगवाया जा गया था।
हाल ही मेें सिंचाई विभाग ने कोटावाली नदी के कटान क्षेत्र में तटबंध बनाने का कार्य शुरू किया है। सिंचाई विभाग की ओर से शुरुआत में नदी के गहरे कटान क्षेत्र में तटबंध बनाने का कार्य किया गया।
उधर, सिंचाई विभाग अफजलगढ़ के जेई महावीर ने बताया कि कटान सुरक्षा का 25 प्रतिशत कार्य कर लिया गया है। रामपुर चाठा की ओर हुए कटान क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ तटबंध बनाए जा रहे हैं।