बिजनौर। औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक आस्थान सहकारी समिति लिमिटेड की ओर से दो दिवसीय प्रदर्शनी में लगे स्टालों में उत्पादों में नवाचार दिखाई दिया। वहीं, नवाचार को बढ़ावा देने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया। ऊर्जा राज्यमंत्री साेेमेंद्र तोमर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।
जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी लगाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मेरा जनपद, मेरे उद्योग, मेरा गौरव रहा। समारोह के दौरान एमएसएमई क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्योगपति अनिल कुमार खन्ना, सुधीर अग्रवाल, विनोद कुमार बंसल, हरपाल चौधरी, नरेश चंद गुप्ता को एमएसएमई आजीवन उपलब्धि सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं, पत्रकार सूर्यमणि रघुवंशी, प्रशांत महर्षि को भी विशेष सम्मान दिया गया। इसके अलावा सुरभि जैन, अलका कौशिक, रश्मि राजपूत, को महिला उद्यमी विशेष सम्मान से नवाजा गया।
सोमेंद्र तोमर ने ऐसे कार्यक्रम को स्थानीय आत्मसम्मान, पहचान एवं सामूहिक प्रगति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय उद्योग सशक्त होंगे। तभी जनपद एवं प्रदेश आर्थिक रूप से सुदृढ़ बन सकेगा। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी में लगे स्टॉलों का अवलोकन किया।
वहीं, समिति अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि जनपद के औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने का एक सशक्त मंच है। यह प्रदर्शनी उद्योग जगत, व्यापारियों एवं युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में उद्यमियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने सहभागिता की। सबसे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। समारोह का संचालन डॉ. विपुल कुमार रस्तौगी ने किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, भाजपा नेता ऐश्वर्य मौसम चौधरी, सीडीओ रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।