बिजनौर। ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में विदेशी ग्राहकों ने जिले के उत्पादों की खूब सराहना की थी। विदेशी ग्राहकों ने उत्पादों की जानकारी ली थी। ऐसे में अब उद्यमी विदेशों से ऑर्डर मिलने से इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शनी में विदेशी ग्राहकों ने बिजनौर के हेयरविग, काष्ठकला और पेबल्स आर्ट समेत अन्य उत्पादों में रुचि दिखाई थी।
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ट्रेड शो में बिजनौर के उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए थे। जिले से लकड़ी और पत्थर की कारीगरी, नगीना की काष्ठकला, नजीबाबाद की सोहनपापड़ी, विदुर टी, चुकंदर का गुड़, हेयरविग और पेबल्स आर्ट से जुड़े उद्यमियों ने हिस्सा लिया था। प्रदर्शनी में हेयरविग के उत्पाद विदेशी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र रहे। कई खरीदारों ने उत्पादों की गुणवत्ता और कीमत की जानकारी लेने के बाद आगे ऑर्डर देने का आश्वासन दिया था। उद्यमी सलीम अहमद, अंकिता राजपूत, विजेंद्र आदि का कहना है कि विदेशी खरीदारों के संपर्क में हैं। ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। जिले के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान मिलने के साथ कारोबार का दायरा भी बढ़ेगा।
ट्रेड शो में विदेशी ग्राहकों ने स्थानीय उत्पादों में रुचि दिखाई थी। ऐसे में अब उद्यमी विदेशी ग्राहकों से संपर्क कर रहे हैं। सैंपल पसंद आने पर उद्यमियों को बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है। ....अमित कुमार, उपायुक्त, उद्योग, बिजनौर