बिजनौर के ग्राम काजीवाला में महिला की मौत के बाद मौके पर जमा भीड़। स्रोत ग्रामीण।
बिजनौर। शहर कोतवाली के गांव काजीवाला में पड़ोसियों ने घर में घुसकर जुबैदा (40) को पीट पीटकर मार डाला। आरोप है कि पड़ोसी युवक महिला के घर के दरवाजे के बाहर बुलेट बाइक खड़ी करते थे, जिसे लेकर पिछले एक महीने से विवाद बना हुआ था। विवाद की शिकायत पुलिस से करने पर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार को काजीवाला निवासी तवक्कल अपने बेटे आसिफ के संग ई-रिक्शा लेकर बिजनौर चला गया। जबकि बेटी सुबा और दूसरा बेटा स्कूल चले गए। तवक्कल की पत्नी जुबैदा घर में अकेली थी। आरोप है कि करीब 11 बजे पड़ोस में रहने वाले आरोपी घर में घुसे और पीट पीटकर जुबैदा की हत्या कर दी।
कक्षा नौ में पढ़ने वाली नूरसबा घर लौटी तो उसने आंगन में मां को लहूलुहान हालत में शव पड़ा देखा। वह चीखते हुए दौड़ी। सूचना पर एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी, शहर कोतवाल उदयप्रताप मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पड़ोसी कलाम, उसकी पत्नी हाजरा, बेटे अमन और समीर तथा भूरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।