धामपुर में आज चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
धामपुर। पालिका ईओ सुभाष कुमार ने कहा कि जिन लोगों ने पालिका के जमीन, मार्गों, नालों पर स्थायी और अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है या फिर सड़कों के किनारे रेत, बालू एकत्र कर कारोबार कर रहे हैं। ऐसे लोग स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें। पालिका द्वारा बृहस्पतिवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू करेगा। अतिक्रमण मिला तो तहत कार्रवाई होगी।
पालिका के अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर के आदेश पर पालिका की ओर से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें किसी प्रकार को विरोध अस्वीकार्य होगा। विरोध करने वालों पर नामजद रिपोर्ट कायम कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। ईओ ने कहा कि नगर पालिका सीमा के भीतर कई स्थानों पर लोग हाईवे और स्टेट हाईवे किनारों पर रेत बालू का अवैध तौर पर कारोबार कर रहे हैं। पालिका की ओर से बृहस्पतिवार से अभियान चलेगा। जिन लोगों ने नालों के ऊपर मकान खड़े कर रखे हैं। वह मकान भी ध्वस्त होंगे। स्थायी और अस्थाई अतिक्रमण नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने लोगों से पालिका के इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। ईओ ने बताया कि मंगलवार को नहटौर पालिका में यह अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान तब तक चलेगा। जब तक पूरी तरह से नगर से अतिक्रमण नहीं हट जाता।