- मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, समस्याओं के निस्तारण की मांग
फोटो-9...
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। लंबित मांगों के निदान को लेकर माध्यमिक शिक्षणेतर संघ बिजनौर की ओर से कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिसमें समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
संगठन के प्रदेश संघर्ष समिति के संयोजक व जिलाध्यक्ष मुकेश सिन्हा के नेतृत्व में शिक्षणेतर कर्मचारी बृहस्पतिवार को डीएम कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने जिलाधिकारी से मुलाकात कर नौ सूत्री ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने ज्ञापन में योग्यताधारी शिक्षणेतर कर्मचारियों को विकर्षक पद पर पदोन्नति करने, पुरानी पेंशन बहाली करने, 300 दिन का अवकाश नकदीकरण दिलाने, चिकित्सा सुविधा, प्रबंध समिति में भागेदारी, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लिपिक पद पर पदोन्नति में ट्रिपल सी की बाध्यता हटाने, हाईस्कूल के लिपिक को इंटर लिपिकों की भांति एसीपी का लाभ देने आदि समस्याओं के निदान की मांग की।
मांग पत्र देने वालों में जिलामंत्री योगेश कुमार, जिला कोषाध्यक्ष जिवेंद्र कुमार, जिला उपाध्यक्ष भीमसेन हल्दिया, संरक्षक गजे सिंह, अनुराग भारद्वाज, सतेंद्र सिंह, मोहम्मद नईम, रामरतन देव सिंह, राजकुमार, लेखराज सिंह, नईम अहमद, सुखवीर सिंह आदि शामिल रहे।