ग्रामीणों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुए कर्मचारी
राजा का ताजपुर। जनता फंड वेलफेयर सोसायटी ताजपुर में ग्रामीणों द्वारा जमा किए गए करोड़ों रुपये लेकर कर्मचारी फरार हो गए। खाताधारकों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में जमा की गई अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पांच वर्ष पहले ताजपुर बस स्टैंड पर जनता फंड वेलफेयर सोसायटी के नाम एक मिनी बैंक खुला था। जिसमें धीरे-धीरे बड़ी संख्या में सैकड़ों खाते खुल गए। इस संस्था के कई युवा रोज घर-घर जाकर पैसा एकत्र करते थे। जब किसी खाता धारक को जरूरत होती थी तभी संस्था पर जाकर जरूरत के हिसाब से पैसे ले आते थे। दो माह पूर्व ये संस्था रातों रात ग्रामीणों का करोड़ों रुपया लेकर फरार हो गई। संस्था के फरार होने की जानकारी लगने से खाता धारकों में बेचैनी बढ गई।
सोसायटी के सभी कर्मचारियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए। ताजपुर निवासी इकरामुद्दीन अहमद को काफी खोजबीन के बाद पता चला कि इसमें कुछ कर्मचारी नूरपुर के हैं। उनके संस्था में 1.20 लाख रुपये जमा थे। इकरामुद्दीन के मुताबिक खाताधारकों की जानकारी लगने पर वह कई बार उन लोगों के घर पर गए, लेकिन उन्होंने पैसा देने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इकरामुद्दीन ने एक प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी को देते हुए अपने पैसे वापस दिलाने की मांग की है।