हाथी ने रौंद डाली गेहूं की फसल
नजीबाबाद। गांव आजमपुर गाजी में वन्यजीवों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। हाथी ग्रामीणों की कई बीघा गेहूं की फसल नष्ट कर दी। ग्रामीणों ने डीएफओ से वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
आजमपुर गाजी निवासी हरविंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह, गुरमीत सिंह, बलविंदर सिंह, संदीप सिंह का कहना है कि गांव में कई दिनों से गुलदार और हाथी खेतों व आबादी के आसपास घूम रहे हैं। मंगलवार रात हाथी ने ग्रामीणों की कई बीघा गेहूं की फसल को रौंद डाला। हाथी ने ग्रामीण हरविंदर सिंह के सिंचाई के पाइपों को कुचल कर उसके डेरे में घुस गया और आसपास लगी तारबाड़ को तोड़ दिया। वहीं गांव में इससे पूर्व गुलदार ने हरविंदर सिंह, सुरेंद्र सिंह के डेरे पर हमला कर रखवाली के लिए तैनात कुत्ते को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने डीएफओ से गांव में पिंजरा लगाकर गुलदार पकड़ने और हाथी की रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।