रामगंगा बांध के मार्ग पर हाथी को सामने आता देख रूकी हुई बस।
- फोटो : DHAMPUR
बस के सामने आया हाथी, केंद्रीय कॉलोनी में दिखा भालू
कालागढ़। कालागढ़ के रामगंगा बांध मार्ग पर एक जंगली हाथी कर्मचारियों की शिफ्ट बस के सामने आ गया। चालक की सूझबूझ से हादसा टल गया। वहीं केंद्रीय कॉलोनी में एक भालू सड़क पर नजर आने से लोगों में दहशत है।
घटनाक्रम के अनुसार कालागढ़ की हाईडिल कॉलोनी से अधिकारियों व कर्मचारियों को लेकर चली शिफ्ट बस जैसे ही स्टील ब्रिज स्थित शिव मंदिर बैरियर को पार कर आगे बढ़ी तो कुछ ही दूरी पर एक हाथी जंगल से निकल कर सड़क पर आ गया। चालक रमेश चंद्र गुप्ता ने बस को रोक दिया। हाथी भी बस के पास ही पहुंच गया। फिर हाथी बस के आगे मार्ग पर चलने लगा। सूचना पर भी गश्ती दल मौके पर नहीं पहुंचे। किसी तरह चालक बस को हाथी से बचाते हुए बांध पर पहुंचा। इसके अलावा केन्द्रीय कालोनी में पिक्चर हाल मार्ग पर एक भालू नजर आया। कुछ ही देर में भालू जंगल में भाग गया। कालागढ़ टाइगर रिजर्व के उप प्रभागीय वनाधिकारी एलआर नाग का कहना है कि रामगंगा बांध मार्ग पर केवल बांध परियोजना के वाहन ही अधिकतर चलते हैं। सिंचाई विभाग को चाहिए कि वह मार्ग पर गति नियंत्रक बनाए। वाहनों को सीमित गति में ही चलाएं। हादसे से बचाव के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।