नांगलसोती। सौफतपुर बिजली घर से जुड़े आधा दर्जन गांव में शनिवार को करीब नौ घंटें तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। धनतेरस त्योहार पर विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ता परेशान रहे।
प्रदेश सरकार दीपावली त्योहार के मौके पर पूरे प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने का वादा करती है, लेकिन सौफतपुर बिजली घर पर त्योहार के मौके पर सुबह पांच से दो बजे तक विद्युत लाइन में फाल्ट होने से सभी टाउन फीडर बंद रहे। सौफतपुर बिजली घर से गांव सौफतपुर, मानपुर, चमरौला, ढोलापुरी, हरचंदपुर, महमसापुर, नांगल आदि गांव को विद्युत आपूर्ति की जाती है। त्योहार से पहले घरों की साफ-सफाई में लगे उपभोक्ता पानी के लिए तरस रहे हैं। बिजली घर से जुड़े लाइनमैन फाल्ट को समय से ठीक नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।
उपभोक्ताओं अरुण कुमार, जयप्रकाश, पीतम, मुनेश, अर्जुन, ओमप्रकाश, मोहित, नकुल, विनीत, रोबिन आदि ने बिजलीघर पहुंचकर अधिकारियों से बात की। उसके बाद करीब दो बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू हो सकी।
.......................
हरचंदपुर में ट्रांसफार्मर फुंकने से विद्युत आपूर्ति ठप
नांगलसोती। गांव हरचंदपुर में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर फूंक जाने से बिजली आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर से करीब 200 से उपभोक्ता जुड़े हैं। शनिवार की सुबह अचानक ट्रांसफार्मर फूंक गया, जिस कारण ग्रामीणों को बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर सही कराने की मांग की है। उधर, बिजली घर के जेई नूतन प्रकाश ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई जाएगी।