धामपुर। नगीना क्षेत्र के लालवाला उप केंद्र के करीब एक दर्जन से अधिक गांवों में 10 दिन से अंधेरे का साम्राज्य बना हुआ है। 17 अगस्त की रात में खो नदी में बढ़े जलस्तर के कारण लालवाला उप केंद्र के खो नदी के निकट खड़े 12 बिजली के खंभे गिर गए थे। हालांकि विद्युत निगम के अधिकारियों द्वारा बिजली की लाइन को मरम्मत करने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन जलस्तर कम न होने के कारण दिक्कत आ रही है।
विद्युत वितरण मंडल धामपुर के अधीक्षण अभियंता सतीश कुमार का कहना है कि 17 अगस्त की रात को खो नदी के किनारे करीब 12 खंभे अधिक जल प्रवाहित होने के कारण तेज बहाव में गिर गए थे। लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसकी वजह से लालवाला उपकेंद्र के गांवों प्रेम नगर, भूमिदान, बगनाला, कादरगंज, मतवाली, कैंचीवाला सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। हालांकि नगीना खंड के अधिशासी अभियंता ने टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर ठीक करने का प्रयास किया। लेकिन अभी सफलता नहीं मिल पाई।
उन्होंने बताया कि लाइन को पूरी तरह से ठीक करने के लिए समस्त सामग्री मौके पर पहुंच दी गई है। जैसे ही बहाव कम होगा, लाइन को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति से चालू करा दी जाएगी। उधर संबंधित गांवों के लोगों का कहना है कि निगम की ओर से 10 दिन बीतने के बाद भी कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। केवल बयानबाजी हो रही है।
केवल यह बात कह कर टरकाया जा रहा है कि अभी नदी में पानी का बहाव तेज है। जिसकी वजह से लाइन निर्माण का कार्य संभव नहीं है। ग्रामीणों ने जल्द ही लाइन ठीक कर बिजली को सुचारू किए जाने की मांग की है। चेताया कि यदि समस्या को गंभीरता से लेकर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा।