बिजनौर। विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस में बिजली बिल, लाइनों के खंभे, बकाया भुगतान, सड़कों के निर्माण, गुलदार के हमलों का मुद्दा छाया रहा। हालांकि किसान दिवस में किसानों की संख्या कम रही।
जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया ने गत दिवस में आई दो शिकायतों के निस्तार के बारे में किसानों को बताया। बाकर नंगला निवासी किसान बेगराज सिंह ने कहा कि प्रार्थना पत्र देने के बाद विद्युत विभाग ने उनके नलकूप की लाइन का एक खंभा सही किया जबकि खंभों के बीच तार अभी ढीले हैं। बुधवार को किसान संदीप त्यागी ने बिलाई चीनी मिल के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया। इसके जवाब में डीसीओ पीएन सिंह ने बताया कि बिलाई चीनी मिल का गन्ना मूल्य भुगतान में से 25 प्रतिशत भुगतान हो गया है। शेष भुगतान के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। किसान नेता बाबूराम तोमर ने सड़काें के निर्माण का मुद्दा उठाया। कहा कि कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं है।
जहानाबाद गंज निवासी किसान नरेंद्र कुमार ने गलत बिजली बिल की समस्या रखी। किसान नेता संदीप कुमार त्यागी ने गुलदार के हमलों को रोकने व गुलदारों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।