एसडीओ से नोकझोंक करते भाकियू जिलाध्यक्ष दिगंबर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
हल्दौर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने पैजनियां बिजलीघर में हुए भीषण अग्निकांड में फुंके दस-दस एमबीए के विद्युत ट्रांसफार्मर बदलवाने व क्षेत्र की ठप आपूर्ति शीघ्र बहाल कराये जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। वहीं एसडीओ ने देर रात तक आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
आक्रोशित किसानों ने मौके पर पहुंचे निगम के जेई पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसे जमकर खरीखोटी सुनाई। बाद में एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर किसानों को देर रात तक विद्युत आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कर धरना समाप्त कराया।
पैजनियां बिजलीघर में क्षेत्र के करीब 50 गांवों को विद्युत आपूर्ति मुहैया कराने के लिए दो दस-दस व एक पांच एमबीए के ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे बिजलीघर में अधिक विद्युत भार के कारण शार्ट सर्किट होकर दो दस एमबीए के ट्रांसफार्मर भीषण आग लगकर फुंक गए। इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप पड़ गई। इससे खफा होकर शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव कैलाश लांबा की अगुवाई में अनेक कार्यकर्ता उक्त बिजलीघर पर एकत्र हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। कार्यकर्ता दोनों फुंके ट्रांसफार्मर बदलवाने व क्षेत्र में शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल कराये जाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। आक्रोशित किसानों ने मौके पर पहुंचे निगम के जेई सत्यप्रकाश पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए घेराव कर जमकर उन्हें खरीखोटी सुनाई। कैलाश लांबा ने कहा कि शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की जाती तो शनिवार को जिला मुख्यालय पर आयोजित संगठन की पंचायत में यह मुद्दा उठाया जाएगा और प्रदर्शन किया जाएगा। जेई ने फोन पर अपने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। बाद में मौके पर पहुंचे विद्युत उप खंड अधिकारी संदीप कुमार ने जेई व टेक्नीशियन टीम को ट्रांसफार्मरों की टेस्टिंग व शीघ्र बिजलीघर का दुरुस्त कर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कराने के निर्देश दिए। आग में दस एमबीए का एक ही ट्रांसफार्मर खराब होने की आशंका जताई जा रही है। एसडीओ ने भड़के किसानों को देर रात तक क्षेत्र में आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन देकर शांत कर धरना समाप्त कराया। धरने में जिला महासचिव वेदप्रकाश, जयसिंह, राकेश कुमार, कौशल कुमार, सुखबीर सिंह, जागेश कुमार, विकुल कुमार, नितिन कुमार, भूरे आदि किसान मौजूद रहे।
शीघ्र ही बिजली आपूर्ति सुचारु न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी
हल्दौर में गांव पैजनियां का ट्रांसफार्मर फुंकने से 50 गांवों की बिजली गुल होने से आक्रोशित भाकियू जिलाध्यक्ष व एसडीओ में नोकझोंक हुई। भाकियू जिलाध्यक्ष ने आपूर्ति जल्दी बहाल न करने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी। पैजनियां बिजलीघर में बृहस्पतिवार शाम दस एमवीए के दो विद्युत ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लगने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति करीब 36 घंटों से ठप पड़ी है। क्षेत्र की बिजली गुल होने से क्षेत्रवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की सूचना पाकर भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष दिगंबर सिंह शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे पैजनियां बिजलीघर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भाकियू जिलाध्यक्ष ने एसडीओ संदीप कुमार से क्षेत्र की 24 घंटों से ठप पड़ी विद्युत आपूर्ति बहाल कराने को लेकर बात की। किसी बात पर दिगंबर सिंह व किसानों की एसडीओ से नोकझोंक हो गई। दिगंबर सिंह ने एसडीओ को शीघ्र आपूर्ति बहाल न कराने पर पैजनियां बिजलीघर पर 17 जुलाई को धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दे दी। उधर, निगम के एसडीओ ने उक्त नेता को क्षेत्र को रोस्टिंग के अनुसार तीन-तीन घंटे शीघ्र आपूर्ति चालू कराने का आश्वासन देकर शांत किया।