हल्दौर में गांव नवादा तुल्ला के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकराकर एक कार सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार में सवार एक प्रशिक्ष्ाु लेखपाल की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बिजनौर भिजवाया।
गांव स्वाहेड़ी खुर्द के मंडलीय राजस्व प्रशिक्षण विद्यालय में जनपद बरेली के कुछ लेखपालों की ट्रेनिंग चल रही है। बृहस्पतिवार शाम कार से कुछ प्रशिक्ष्ाु लेखपाल गांव स्वाहेड़ी से अपने घर बरेली जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बिजनौर-हल्दौर मार्ग पर स्थित गांव नवादा तुल्ला के निकट सामने से आ रहे ट्रक से टकराकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। घायलों की चीख पुकार सुनकर मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को बामुश्किल कार से बाहर निकाला। इस दौरान चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रशिक्ष्ाु लेखपाल महीउद्दीन, आकाशदीप, प्रमोद कुमार, मुनीश कुमार, राजा बाबू, कुलदीप कुमार, सरोज सक्सेना व कार चालक मोहित सक्सेना को उपचार के लिए बिजनौर जिला अस्पताल भेजवाया और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। उपचार के दौरान महीउद्दीन की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कई लेखपालों की हालत नाजुक बनी हुई है। ट्रेनिंग स्कूल के राजस्व निरीक्षक चेतन स्वरूप ने हल्दौर थाने में फरार आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र भड़ाना का कहना है कि फरार आरोपी ट्रक चालक को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
सड़क दुर्घटना में चाचा-भतीजे घायल
नांगलसोती/कोतवालीदेहात में नांगलसोती के मायापुरी में सड़क दुर्घटना में चाचा-भतीजे घायल हो गए। दोनों घायल को जिला अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार को इस्सेपुर निवासी चंद्रप्रकाश 35 वर्ष, नरेश 30 वर्ष चाचा भतीजे बाइक से बिजनौर से देहरादून जा रहा था। गांव मायापुरी हनुमान मंदिर के समीप उनकी बाइक को अन्य बाइक ने टक्कर मारी। जिसके चलते दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उधर, नहटौर क्षेत्र के गांव धनुपुरा निवासी गौरव 40 वर्ष पुत्र नरेश कुमार व थाना क्षेत्र के ही गांव बालापुर निवासी भगवाना 38 वर्ष के साथ बाइक से अपने गांव जा रहे थे । जैसे ही वह दोनों बाइक से कोतवाली नहटौर मार्ग पर गांव पित्तानहेड़ी के सामने पहुंचे तो नहटौर दिशा की ओर से आ रहा ट्रक और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए ।दोनों घायलों को राहगीरों ने एंबुलेंस 108 से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली पहुंचाया।
दुर्घटना में बाइक सवार घायल
नगीना। मोहल्ला कलालान निवासी जब्बार का 23 वर्षीय पुत्र यूसुफ शुक्रवार की दोपहर बाइक से धामपुर जा रहा था, जब वह रामलीला मैदान के सामने पहुंचा तो धामपुर की ओर से आ रहे वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को नगीना सीएचसी से बिजनौर रेफर कर दिया।