मंदिर पर गिरी बिजली, मूर्ति क्षतिग्रस्त
हल्दौर। गांव पैजनियां में गत रात तेज आंधी व बारिश के दौरान माता के मंदिर पर बिजली गिर जाने से उसके अंदर रखी काली माता और भगवान आशुतोष की विशाल मूर्तियां क्षतिग्रस्त हो गईं। साथ ही गांव के कई लोगों के घरों में बिजली से संचालित विद्युत उपकरण भी फुंक गए। आंधी से कई विद्युत खंबे क्षतिग्रस्त हो गए और पैजनियां बिजली घर क्षेत्र के आठ गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
गांव पैजनियां में गांव से पश्चिम दिशा में माता काली का एक मंदिर स्थित है। रविवार की देर रात करीब नौ बजे आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हुई। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान काली माता के मंदिर पर बिजली गिर गई। बिजली के गिरने से मंदिर की छत व दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं। मंदिर का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा मंदिर में स्थापित माता काली और भगवान शिव की मूर्तियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। मंदिर के सेवादार मास्टर चमन सिंह वाल्मीकि का कहना है कि क्षतिग्रस्त मंदिर की मरम्मत कराकर काली माता की नई मूर्ति विधि विधान के अनुसार स्थापित कराई जाएगी।
इस दौरान गांव में विद्युत आपूर्ति चालू थी। बहादुर सैनी, रोहताश सिंह, मनोज त्यागी, विजेंद्र सिंह, छोटन सिंह, बबलू सैनी, लोकेंद्र सिंह, दीपक सैनी घनश्याम सिंह के घरों में रखे हजारों रुपये कीमत के विद्युत उपकरण बिजली गिरने के प्रभाव से फुंक गए। क्षेत्र में तेज हवा व बारिश आने पर जंगलों में जगह जगह विद्युत लाइनों के ऊपर पेड़ों की शाखाएं गिरने से कई विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। बिजलीघर क्षेत्र के पोंटा, गावड़ी मलपुरा, खासपुरा, फजलपुर ढाकी, पावटी, शरीफपुर, उमरी बड़ी, करनपुर आदि अनेक गांवों की बिजली करीब 20 घंटे तक गुल रही। बिजलीघर के जेई रामेश्वर सिंह का कहना है कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त लाइनों और विद्युत पोलों का मरम्मत कार्य तीव्र गति से कराया जा रहा है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति चालू करा दी जाएगी।