विद्युत संविदाकर्मियों ने मानदेय के लिए दिया धरना
बिजनौर। मानदेय नहीं दिए जाने से नाराज विद्युत संविदाकर्मी कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। विद्युत निगम के अधिकारियों और ठेकेदार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया और मानदेय नहीं मिलने तक अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी।
उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर सोमवार को विद्युत संविदा कर्मी टाउन हॉल पर एकत्रित हुए और धरना देकर बैठ गए। डिवीजन अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि मानदेय के संबंध में विद्युत निगम के अधिकारियों और ठेकेदार को 30 जनवरी को ज्ञापन दिया गया था। जिस पर उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मानदेय नहीं मिलने से संविदा कर्मचारियों को वित्तीय समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसके लिए उन्होंने ठेकेदार और निगम के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि मानदेय नहीं मिलने तक विद्युत संविदा कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। धरने में देवेश कुमार, सुभाष कुमार, दीपक कुमार, हिरेंद्र, सुरेंद्र, निकेतन, उदय कुमार आदि उपस्थित रहे।