विद्युत केबल फुंकी, दिनभर विद्युत आपूर्ति ठप
नजीबाबाद। टाउन फीडर विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने से नगर क्षेत्र में दिनभर विद्युत संकट बना रहा। उधर, साहनपुर बिजली घर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति भी उच्च क्षमता की विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से घंटो प्रभावित रही।
प्रात: तीन बजे से पालोमल कॉलोनी और सेंट मेरी हॉस्पिटल के बीच कोटद्वार ब्रांच लाइन के नीचे केबल फुंकने से टाउन फीडर से जुड़े नजीबाबाद के आधे से अधिक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति दिनभर ठप रही। एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि दोपहर बाद धर्मकांटा चौराहा क्षेत्र में चार पॉल लगाकर नगर फीडर के लिए भारत सिनेमा फ्लाईओवर क्षेत्र से नई लाइन बनाने का काम शुरू किया गया है। उन्होंने देर रात तक नगर के प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारु हो जाने की जानकारी दी। उधर, साहनपुर बिजली घर से जुड़ी 33 केवी विद्युत लाइन पर तड़के पेड़ गिरने से साहनपुर फीडर से जुड़े ग्रामीण और नगर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बृहस्पतिवार की दोपहर तक ठप रही। नगर क्षेत्र में लघु उद्योग और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।