उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह महाराज द्वारा स्थापित खालसा पंथ हिंदुस्तान की सुरक्षा व हिंदू धर्म की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बनकर उभरा था। चार-चार पुत्र बलिदान होने के बाद भी उन्होंने उफ तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश व देश की मोदी सरकार ने उनके साहबजादों की स्मृति को जीवंत रखने के लिए 26 दिसंबर के दिन को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम पूरे देश में चल रहा है।
बिश्नोई समाज को रिझाने के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों ने मांग की थी कि मुरादाबाद में एक विश्वविद्यालय होना चाहिए। जिस पर श्री गुरु जंभेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय की सौगात मुरादाबाद को दे दी है।
अन्नदाताओं को रिझाने में नहीं छोड़ी कसर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को रिझाने के लिए भी कोई कसर नहीं छोड़ी। अपने संबोधन की शुरुआत मुख्यमंत्री ने किसानों की पावन धरा को नमन करते हुए की। दरअसल मुख्यमंत्री जानते थे कि मुरादाबाद लोकसभा के जिस क्षेत्र में वह जनसभा करने आए हैं उस क्षेत्र के आसपास किसानों, सिख समाज व बिश्नोई समाज की खासी भागीदारी है तथा लोकसभा क्षेत्र में इन तीनों की काफी संख्या है। इसलिए मुख्यमंत्री ने अपनी संबोधन ने इन तीनों वर्गों के लोगों को रिझाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
योगी ने सर्वेश सिंह को टाइगर कहकर पुकारा, अमानगढ़ का जिक्र किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने संबोधन की शुरुआत व अंत में भी पूर्व सांसद व मुरादाबाद लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह को टाइगर पुकार कर उनका कद बढ़ा गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि टाइगर के क्षेत्र में आए हैं, तो टाइगर जैसा काम भी तो करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अमानगढ़ को भी एक टूरिज्म का वर्ल्ड क्लास सेंटर बना रही है।
संबोधन में 1980 के दंगों का जिक्र भी किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने संबोधन में मुरादाबाद में 1980 में हुए दंगों का जिक्र करना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने 2017 तक दंगों की रिपोर्ट को दबा कर रखा। लेकिन उनकी सरकार ने न केवल फाइल खुलवाई बल्कि घटना की सच्चाई को भी उजागर कराया। हिंदुत्व व राष्ट्रवाद के मुद्दे को धार देने के लिए उन्होंने मुरादाबाद के सपा सांसद के बयान का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि सपा का पिछला सांसद कहता था कि भारत माता की जय नहीं बोलूंगा। उन्होंने कहा कि वह कहता था कि वह ऐसी बात नहीं बोलेगा जो हिंदुओं को अच्छी लगे।
मुख्यमंत्री को सम्मानित भी किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर पहुंचने के बाद जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान उर्फ बॉबी व हरिओम शर्मा ने मुख्यमंत्री को पटका पहनाकर स्वागत किया तथा पूर्व सांसद व मुरादाबाद लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह व पूर्व सांसद वीर सिंह ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह के रूप में डाॅ. भीमराव आंबेडकर की पीतल की प्रतिमा भेंट की।
मंच पर ये नेता रहे मौजूद
जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान उर्फ बॉबी की अध्यक्षता व भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद गहलौत व लोकसभा संयोजक विशेष गुप्ता के संयुक्त संचालक में आयोजित जनसभा के मंच पर भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह, विधायक बढ़ापुर कुंवर सुशांत सिंह, मुरादाबाद के मेयर विनोद अग्रवाल, एमएलसी हरि सिंह ढिल्लों, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, जिला प्रभारी हरिओम शर्मा, लोकसभा प्रभारी अशोक पाल, ब्लॉक प्रमुख कोतवाली के पति ठाकुर विकास राजपूत, जिला उपाध्यक्ष बीजेपी अरविंद गहलोत, प्रदीप कुमार, वीर सिंह सैनी, राजपाल, राजेश्वरी पाल, नागेंद्र पवार, अंकुर राणा आदि मौजूद रहे।