बुजुर्ग कीर्ति प्रकाश ने परिवार संग जीती कोरोना जंग
चांदपुर। चांदपुर के निवासी 75 वर्षीय कीर्ति प्रकाश ने घर में रहने एवं पूरी एहतियात रखने के बाद भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। उनकी पत्नी व पुत्रवधू भी कोरोना पॉजिटिव हो गए। लेकिन उन्होंने हार न मानते हुए घर में ही अपने परिवार के संग कोरोना महामारी की जंग पर जीत हासिल की।
मोहल्ला कटारमल निवासी 75 वर्षीय कीर्ति प्रकाश की 72 वर्षीय पत्नी सविता रानी को बुखार हुआ था। दवाई से बुखार ठीक नहीं हुआ तो कोरोना टेस्ट कराया। जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तभी से उन्हें घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया। शुरू में सरकारी अस्पताल की दवाई ली। बाद में निजी चिकित्सक से अपना इलाज शुरू कराया।
सविता रानी के बाद कीर्ति प्रकाश की तबियत खराब होने पर कोरोना जांच कराई तो उनकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। जिससे परिवार की चिंता बढ़ गई। कीर्ति प्रकाश किडनी, शुगर, ब्लड प्रेशर के मरीज हैं। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। घर में रहते हुए निजी चिकित्सक से अपना इलाज कराया। सास ससुर की सेवा करते हुए कीर्ति प्रकाश की पुत्रवधू स्नेहा अग्रवाल (42) भी कोरोना पॉजिटिव हो गई। जिन्हें बीच में मेरठ भी ले जाना पड़ा।
अनेक बीमारियों के शरीर में होने के बाद कोरोना पॉजिटिव होने पर कीर्ति प्रकाश ने हिम्मत नहीं हारी व अपने परिवार को भी हिम्मत दी। जिसका नतीजा हुआ कि तीनों ने कोरोना पर जीत हासिल की। अब तीनों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है। कीर्ति प्रकाश के पुत्र मोहित कुमार अग्रवाल ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव होने पर हिम्मत से काम लेना होगा। घर में रहकर भी इसका इलाज हो सकता है।