नजीबाबाद में गन्ना विकास विभाग के विशेष सचिव ने नजीबाबाद चीनी मिल का निरीक्षण किया। विशेष सचिव ने बीरूवाला और गन्ना विकास समिति पहुंचकर किसानों को गन्ना पर्ची वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने गन्ना फार्म का भी निरीक्षण किया।
गन्ना विकास के विशेष सचिव राकेश कुमार मिश्रा ने मुरादाबाद में आयोजित समीक्षा बैठक के बाद रविवार को किसान सहकारी चीनी मिल नजीबाबाद का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधान प्रबंधक दानवीर सिंह, उप गन्ना आयुक्त आरके मिश्रा, सहायक चीनी आयुक्त चंदन वर्मा, मुख्य गन्ना अधिकारी डॉ.एसएस ढाका की उपस्थिति में चीनी मिल के पेराई सत्र शुरू होने की तैयारियों की समीक्षा की। प्रधान प्रबंधक दानवीर सिंह ने चीनी मिल के पेराई सत्र और गन्ना सट्टा के संबंध में जानकारी दी।
विशेष सचिव ने गांव बीरूवाला पहुंचकर सुरजीत सिंह के गन्ना फार्म पर ट्रैंच विधि से लगाए गए गन्ने के साथ चीनी मिल के टिशू कल्चर लैब द्वारा विकसित गन्ने की फसल का निरीक्षण किया।
उन्होंने सुरजीत सिंह, गुरजीत सिंह काका तथा अन्य किसानों से गन्ना सट्टा, कैलेंडर वितरण आदि के संबंध में जानकारी की। चीनी मिल की ओर से मुख्य अभियंता अंजनी कुमार, मुख्य रसायनविद वीके मिश्रा, महिपाल सिंह उपस्थित रहे। क्रेशर स्वामियों नरेश कुमार, अरुण कुमार, आरके रंधर की ओर से विशेष सचिव का स्वागत किया गया। गुड़ क्रेशरों को लाइसेंस मुक्त करने पर भी चर्चा हुई।
एसएमएस पर्ची दिखाओ, तौल कराओ
नजीबाबाद में गन्ना विभाग के विशेष सचिव राकेश कुमार मिश्र ने उप्र में पहली बार गन्ना विकास समिति को गन्ना पर्ची वितरण की सौंपी गई व्यवस्था की समीक्षा की। एसएमएस पर्ची दिखाओ, तौल कराओ व्यवस्था के लिए गन्ना विकास समिति ने किसानों के लिए फार्मर इंक्वायरी मोबाइल3 एप बनाया है। समिति सचिव डॉ.वीके शुक्ल ने विशेष सचिव को बताया कि इंडेंट प्राप्त होते ही किसानों को उनके मोबाइल पर पर्ची जारी होने का एसएमएस पहुंच जाएगा। एसएमएस के माध्यम से ही किसान सीधे गन्ना तौल करा सकेंगे।