धामपुर। एकादशी पर रंग एकादशी समिति की ओर से गीले रंग के जुलूस के साथ धामपुर की होली का हुड़दंग शुरू हो गया। सराफा बाजार स्थित मंदिर ठाकुरद्वारा बजरिया समिति की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। पालिकाध्यक्ष रवि कुमार सिंह, भाजपा मंडलाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, डॉ. आदित्य अग्रवाल आदि ने नारियल भंजन कर, गुब्बारे छोड़कर जुलूस का शुभारंभ किया।
शुक्रवार को जुलूस में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रंग से भरे ड्रमों, प्रेशर पिचकारियां लिए हुरियारों ने नगर की गलियों को रंगों से सराबोर कर दिया। छतों पर खड़े लोगों ने जुलूस में शामिल हुरियारों पर जमकर रंग बरसाया। डीजे पर खूब नृत्य किया। जुलूस फल चौक से शुरू होकर परंपरागत मार्गों से होता हुआ पुन: मंदिर पहुंच कर संपन्न हुआ। भगत सिंह चौक पर पालिकाध्यक्ष रवि कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ हुरियारों को संतरे खिलाकर स्वागत किया। समिति अध्यक्ष विभु प्रकाश बंसल, पवन कुमार अग्रवाल एडवोकेट, देवेंद्र कुमार भटनागर, सुमित माहेश्वरी, लाजपत राय मुखिया, संजय शर्मा बिल्लू, विजय जैन, संयम जैन, अजय अग्रवाल पिंटू, आशीष अग्रवाल, दिनेश चंद्र अग्रवाल आदि रहे।
जुलूस में रंग एकादशी समिति, आदर्श होली हवन समिति के पदाधिकारियों, गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुस्लिम मोहल्लों में जुलूस निकलने के दौरान पुलिस-प्रशासन के साथ वॉलंटियर्स ने मोर्चा संभाला। नगर के जिम्मेदारों ने जुलूस को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में अहम योगदान दिया।
जुमे के मद्देनजर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पवित्र रमजान माह के जुमे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। सीओ अभय कुमार पांडेय, नायब तहसीलदार विजय कुमार पुलिस बल के साथ जुलूस में शामिल रहे। जुलूस के समय मोहल्ला अफगानान स्थित मस्जिद में नमाज हो रही थी। दोनों पक्षों ने अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
शेरकोट में निकला सूखे रंग का जुलूस
शेरकोट। आदर्श होली समिति की ओर से रंग एकादशी पर सूखे रंग का जुलूस निकाला गया। द्रौपदा मंदिर परिसर से जुलूस शुरू हुआ। मंदिर में पूजन के बाद समाजसेवी शरदचंद्र शर्मा, राजवीर सिंह गहलोत ने फीता काटकर जुलूस का शुभारंभ किया। सुरक्षा के लिहाज से थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे। इस दौरान राकेश रुहेला, मुकेश रस्तोगी, नरेंद्र यादव, रिंकू वर्मा, राजू कर्णवाल, दिनेश वर्मा, गोलू शर्मा, रजत वर्मा, सुमित वर्मा, रणजीत सिंह दारा, फूल सिंह सैनी, राधे सैनी, शेखर वर्मा आदि रहे। संवाद
छतों पर खड़े लोगों पर प्रेशर पिचकारी से रंग डालता हुरियारा स्रोत संवाद
छतों पर खड़े लोगों पर प्रेशर पिचकारी से रंग डालता हुरियारा स्रोत संवाद