नहटौर। चार अलग-अलग हादसों में दो महिलाओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
शनिवार की रात लल्लावाला निवासी अरुण कुमार (35) पुत्र खूब सिंह अपनी पत्नी रेशा (34) को साथ लेकर नहटौर से अपने गांव लल्लावाला जा रहा था। कोतवाली मार्ग पर ग्राम दरबारपुर के निकट उनकी बाइक संरक्षित पशु से टकरा गई, जिससे पति-पत्नी घायल हो गए। वहीं, जनपद अलीगढ के गांव अलीपुर निवासी चालक प्रवेश कुमार (40) पुत्र नेम सिंह अतरौली से टैंकर में दूध लेकर जनपद हरिद्वार जा रहा था। रविवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे नूरपुर मार्ग पर चक मोड़ के पास टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। घटना में प्रवेश कुमार घायल हो गया। वहीं टैंकर में भरा दूध भी बिखर गया।
रविवार की सुबह चांदपुर के मोहल्ला पतियापाड़ा निवासी शाहरुख (29) पुत्र नसीम व उसका भाई सोहेल अहमद (35) बाइक से देहरादून जा रहे थे। फुलसंदा बस अड्डे पर उनकी बाइक आगे चल रहे टाटा मैजिक से टकरा गई। घटना में दोनों भाई घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। चौथे हादसे में रविवार की शाम करीब तीन बजे सहारनपुर नवादा निवासी गौरव कुमार पुत्र हरपाल सिंह की बाइक सलारपुर निवासी समीर अब्बास की बाइक से टकरा गई। घटना में दोनों बाइकों पर सवार गौरव (28), समीर (18) व समीर की मां सलमा (60) घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।