कालागढ़। कार्बेट टाइगर रिजर्व में ढेला पर्यटन जोन में प्रवासी पक्षी हाफिंच के नजर आने के बाद पक्षी की सुंदरता को देखने की ललक पर्यटकों को जंगल की ओर ला रही है। वहीं, झिरना पर्यटन जोन में झिरना स्रोत में एक बाघिन दो शावकों के साथ नजर आई है। हालांकि हाफिंच अब कहीं छिप गया है। वह नजर नहीं आ रहा है। पक्षी विद प्रशांत कुमार का कहना है कि वह स्वयं उसे देखने के लिए दोबारा शिकारी कुआं गए थे पर अब वह सामने नहीं आ रहा है। कहीं छिप गया है। या फिर उसने कोई अन्य ठिकाना खोज लिया है।
कालागढ़ के उप प्रभागीय वनाधिकारी बिंदरपाल के अनुसार 24 नवंबर से 27 नवंबर तक ढेला व झिरना पर्यटन जोन में 1253 पर्यटक प्राकृतिक नजारों व वन्यजीवों के दीदार को पहुंचे। 28 ने रात्रि विश्राम किया। 1171 भारतीय व 82 विदेशी पर्यटक यहां आए। हाफिंच पक्षी की चर्चा भी पर्यटकों में खूब है। दो बच्चों के साथ बाघिन के दर्शन हो रहे हैं। सभी पर्यटक रामनगर से खारा गेट होकर ढेला व झिरना के वनों में भ्रमण कर रहे हैं।