बिजनौर में श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज ने गंगा नदी की धारा में ही क्षेत्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित करा दी। प्रतियोगिता के बारे में अधिकारियों को भी कुछ नहीं बताया गया।
प्रतियोगिता में श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज व किसान इंटर कॉलेज मंडावली के विद्यार्थियों ने भाग लिया। स्वीमिंग पूल उपलब्ध नहीं होने पर तैराकी प्रतियोगिता विदुर कुटी के पास गंगा की बहती धारा में ही आयोजित करा दी गई। प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में किसान इंटर कॉलेज का अरबाज, श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज का दीपक, जूनियर वर्ग में श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज का मुकेश व मोहित, सब जूनियर वर्ग में श्री विदुर गुरु गृह इंटर कॉलेज का विक्की कुमार व मोनू क्रमश: प्रथम व द्वितीय रहे।
कॉलेज के प्रधानाचार्य कैलाश चंद के मुताबिक प्रतियोगिता के समय तैराकों की टीम मौके पर मौजूद थी। बहुत कुशल तैराकों को ही प्रतियोगिता में भाग लेने दिया गया। स्वीमिंग पुल की व्यवस्था न होने पर गंगा में प्रतियोगिता कराई गई। इस संबंध में डीआईओएस डा. अरुण दुबे के अनुसार गंगा की धारा में प्रतियोगिता आयोजित होने की जानकारी नहीं है।