बिजनौर में पुलिस के हत्थे चढ़े अवैध शराब के दो तस्कर।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम ने बैराज मार्ग पर मुठभेड़ के दौरान एक कंटेनर में लादकर कर लाई गई 249 पेटी शराब के साथ दो तस्करों को दबोचा है। शराब की पेटी परमल व आलू की बोरे के नीचे छिपी थी।
शहर कोतवाली के एसएसआई सुरेंद्र पचौरी के मुताबिक पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीम को बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि बैराज के रास्ते कंटेनर में छिपाकर गैर राज्य की शराब लाई जा रही है। पुलिस की टीम ने चक्कर रोड पर कंटेनर को रोका तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने पीछा करके कंटेनर को रोक लिया। कंटेनर में सवार दो तस्करों को पुलिस ने दबोच लिया। कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें ऊपर तो परमल व आलू की बोरी भरी थी। नीचे शराब की पेटी छिपी थी। पुलिस ने कंटेनर से 249 पेटी गैर राज्य की शराब बरामद की है। शहर कोतवाल सतवीर सिंह की ओर से दोनों तस्करों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पकड़े गए तस्करों में न्यू भारत नगर कबाड़ी रोड थाना मॉडल टाउन पानीपत हरियाणा निवासी छोटे लाल का पुत्र हेमंत व सतवीर का पुत्र विजय शामिल है। तस्करों ने पुलिस को बताया कि शराब छोटे नाम के व्यक्ति ने मंगाई थी। मंडावर मार्ग पर शराब उतारी जानी थी।
शराब उतारने से पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस शराब मंगाने वाले माफिया की तलाश में जुटी है। उधर, मंडावर में बुधवार की शाम चंदक चौकी पर तैनात दरोगा जितेंद्र पवार दोनों युवकों को पकड़ लिया दोनो युवकों के पास से 12 बोतल अरुणाचल प्रदेश मार्का शराब बरामद हुई।
उसने अपना नाम श्रवण कुमार व संजय उर्फ डालूं निवासी नगलामहेश्वरी बताया। पुलिस ने दोनों का चलान कर दिया है।