शराबी पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को मार डाला
नजीबाबाद (बिजनौर)। जलालाबाद क्षेत्र के गांव इब्राहीमपुर उर्फ नंगला में बुधवार रात शराबी पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक गांव इब्राहीमपुर निवासी विजय सिंह शराब पीने का आदी है। बुधवार रात करीब साढे़ दस बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा। शराब पीने को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा हो गया। आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पत्नी गुड्डो (40) पर ताबड़तोड़ वार किए। जिससे चार बच्चों की मां गुड्डो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना मिलते ही सीओ नजीबाबाद गजेंद्रपाल सिंह, थाना प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। एसपी ग्रामीण संजय कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि विजय सिंह नशा करने का आदी था और आए दिन पत्नी के साथ झगड़ा करता था। घटना के बाद से वह फरार है। परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।