बिजनौर। सर्दी के साथ कोहरे ने दस्तक दे दी है, जोकि हादसों का कारण भी बन सकता है। ऐसे में यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरुक करने का बीड़ा उठाया है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी सुरक्षित सफर के लिए अपील की जा रही है। यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि कोहरे को लेकर जागरुक करने के साथ साथ रिफलेक्टर लगाने का काम भी किया जा रहा है।
कोहरे में इन बातों का रखें ध्यान
- दृश्यता कम होने पर गाड़ी की गति सामान्य से कम रखें और लो-बीम हेडलाइट्स का उपयोग करें। क्योंकि हाई-बीम लाइटें कोहरे में बिखर जाती है, जिससे सामने का दृश्य और खराब हो जाता है।
-आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें और ओवरटेक करने से बचें। कोहरे में ओवरटेक करना बहुत खतरनाक हो सकता है। साथ ही लेन में बने रहें।
- हॉर्न का प्रयोग करें मोड़ पर या अन्य वाहनों को अपनी उपस्थिति का संकेत देने के लिए बीच-बीच में हल्के हॉर्न का उपयोग करें।
- यदि आपको सड़क के किनारे रुकना पड़े, तो पार्किंग या हजार्ड लाइट (दोनों इंडिकेटर) ऑन रखें ताकि पीछे वाले वाहन को आपकी स्थिति का पता चल सके।
-दृष्यता कम होने पर सड़क के बीच के डिवाइडर या किनारे पर बने सफेद निशानों पर ध्यान केंद्रित करके आगे बढ़ें।
- गाड़ी के अंदर भाप जमने से रोकने के लिए डिफॉगर का प्रयोग करें या एसी चलाकर हवा का रुख विंडशील्ड (कांच) की तरफ कर दें।
- नींद, थकान, या नशे की हालत में वाहन न चलाएं।