बिजनौर। अब दिल्ली, एनसीआर दूर नहीं होगा। बिजनौर से मेरठ, दिल्ली वाया दौराला, हस्तिनापुर नई रेल लाइन बिछाने की आस जगी है। इस नई रेल लाइन बनाने का सर्वे पूर्ण हो गया है। अब रेल लाइन बनने के लिए परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है।
दो दशक से बिजनौर- मेरठ वाया दौराला, हस्तिनापुर रेल लाइन बनाने की मांग उठ रही है। इस रेलवे लाइन बनने से दिल्ली, मेरठ, एनसीआर की दूरी बिजनौर मुख्यालय से कम हो जाएगी। पर्यटन के लिए यह रेल लाइन अति महत्वपूर्ण होगी। इसके बनने से जनपद के व्यापारी व आम लोगों को भी काफी फायदा होगा। वजह, बिजनौर शहर से मेरठ के लिए रेल सेवा नहीं है। दिल्ली के लिए गिनती की ट्रेनों का संचालन होता है। वह भी वाया गजरौला रेल गाड़ी दिल्ली बिजनौर आती-जाती है। यहां का यातायात व्यवस्था रोडवेज बसों पर ही निर्भर है। बिजनौर लोकसभा के सांसद चंदन चौहान ने बताया कि उन्होंने लोकसभा में शून्य काल के दौरान बिजनौर-मेरठ वाया दौराला, हस्तिनापुर नई रेल लाइन का मामला उठाया था। सवाल के जवाब में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय भारत सरकार राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने बिजनौर सांसद को पत्र भेजा। इसमें बताया कि दौराला हस्तिनापुर और बिजनौर 66 किमी नई रेल लाइन का सर्वे कर लिया गया है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है।