पहले भी सुलह का प्रयास हुआ, नहीं माने आरोपी
मृतका के चाचा नौशाद ने बताया कि एक माह पहले मामले की जानकारी मिलने पर परिवार ने समझौते का प्रयास भी किया था। शादी में पहले ही पांच लाख रुपये नकद और सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
फांसी लगाकर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि बृहस्पतिवार को दहेज की मांग को लेकर महविश के साथ मारपीट की गई और बाद में फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी गई। सुबह करीब 10 बजे ससुराल पक्ष ने सूचना दी कि महविश ने फांसी लगा ली है और उसे इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। जब परिजन करीब 11:30 बजे गांव पहुंचे तो शव चारपाई पर पड़ा था और सभी आरोपी फरार थे।
कोरे कागज पर अंगूठा लगवाने का आरोप
परिजनों ने बताया कि एक माह पहले आरोपी कलीम ससुराल आया था और धमकाते हुए महविश और उसकी मां इदरीशा से कोरे कागज पर अंगूठा निशान लगवाने का प्रयास किया था, जिसे उन्होंने मना कर दिया था। आरोप है कि इसी रंजिश में साजिश के तहत हत्या की गई।
पिता बेंगलुरु में करता है काम
मृतका महविश के पिता इरशाद बेंगलुरु में सैलून का काम करते हैं। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें महविश दूसरे नंबर की बेटी थी। परिजनों ने बताया कि महविश कुरान शरीफ पढ़ी हुई थी, पांचवीं कक्षा तक पढ़ी थी और स्वभाव से शांत थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।