नजीबाबाद। दस्तावेज लेखकों ने निबंधक मित्र रखने और फ्रंट कार्यालय स्थापना की योजना के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की। हड़ताल से उप निबंधक कार्यालय पर रजिस्ट्री और बैनामे का कामकाज ठप है।
दस्तावेज लेखक एसोसिएशन के अध्यक्ष मो. असलम अहमद, सचिव सौरभ कश्यप, संरक्षक रणधीर सिंह, हेमराज सिंह, मेघनाथ के नेतृत्व में दस्तावेज लेखकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की। दस्तावेज लेखकों ने उप निबंधक कार्यालय गेट पर धरना दिया और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी दस्तावेज लेखकों का आरोप था कि सरकार का उप निबंधक मित्र की भर्ती करने और फ्रंट ऑफिस बनाने की योजना है। सरकार उनकी रोजी-रोटी खत्म करना चाहती है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में अब्दुल रब, अमित सिंघल, ओजेश राजपूत, मुकुल शर्मा, मो.शहजाद, फुरकान, सोमपाल, अनवर शारिक, शशिकांत, मो.बहार आलम आदि दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता मो.असगर, मो.अहसान, रविराज, तसलीम अहमद, मो.आसिफ आदि उपस्थित रहे।
उधर, उप निबंधक राजीव कुमार भारती का कहना है कि इस संबंध में सरकार के किसी प्रस्ताव की विभाग को जानकारी नहीं है। सोशल मीडिया के आधार पर कई स्थानों पर ऐसे प्रदर्शन हो रहे हैं।
...........................
नहीं हुए बैनामे, बैरंग लौटे लोग
नजीबाबाद। उपनिबंधक कार्यालय में उप निबंधक और कर्मचारी मौजूद रहे। उप निबंधक कार्यालय में औसतन प्रतिदिन 45 से 50 बैनामे होते हैं। कामकाज ठप रहने से सवेरे ऑनलाइन बैनामों के लिए पंजीकरण नहीं हुआ। बड़ी संख्या में लोग बैनामा और रजिस्ट्री कराने पहुंचे। हड़ताल के कारण उन्हें निराश लौटना पड़ा।