संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर। साइबर क्राइम जागरुकता अभियान के तहत साइबर अपराधों पर रोकथाम, लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को श्री जैन धर्मशाला में बैठक हुई। इसमें सीओ अभय कुमार पांडेय ने कहा कि आजकल डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन सुविधाओं के बढ़ते प्रयोग के साथ साइबर ठगी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ रही हैं।
ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, ओटीपी, बैंक अकाउंट नंबर, पासवर्ड या यूपीआई पिन को किसी भी परिस्थिति में साझा न करें। साथ ही संदिग्ध कॉल या मैसेज के झांसे में आकर कोई वित्तीय प्रक्रिया न करें। उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी होने की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते रकम बचाई जा सके।
उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी मौजूद रहे। प्रभारी थानाध्यक्ष कुलजीत सिंह, एसआई सोनू निगम, व्यापारी कपिल शर्मा, सिद्धांत जैन, अंकुर अग्रवाल, मुकेश गुप्ता, पंकज जैन, महावीर सैनी आदि उपस्थित रहे।