विकास कार्यों में न करें लापरवाही : डीएम
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने कम राजस्व वसूली पर अधिशासी अधिकारी, मंडी सचिवों को चेतावनी दी। वाणिज्यकर, स्टांप, विद्युत, खनन तथा परिवहन विभाग द्वारा वसूली का कार्य संतोषजनक मिला। जबकि आबकारी, वन, सिंचाई, नगर निकाय, मंडी आदि विभागों के वसूली कार्य में शिथिलता पाई गई।
जिलाधिकारी ने राजस्व कार्य की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित दायरे के तहत न्यायिक कार्य करें और यथासंभव गुणवत्तापूर्ण अधिक से अधिक वादों का निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कहा कि कभी कभी न्याय में देरी से शांति एवं कानून व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था से कोई समझौता न किया जाए। चांदपुर व नूरपुर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को सॉलिड वेस्ट के डिस्पोजल के लिए स्थान चिह्नित करने को कहा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान रखने का निर्देश दिया।