किरतपुर, चंदक, नूरपुर पीएचसी की हालत देख डीएम नाराज
बिजनौर। जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर, चंदक और नूरपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में अव्यवस्था देख नाराजगी जताई। डीएम ने सीएमओ को तीनों स्वास्थ्य केंद्रों में सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में सफाई सहित अन्य सभी कार्य पूरे कराकर उनमें ओपीडी का संचालन कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रमाकांत पांडेय कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक सुधारात्मक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलना चिंता का विषय है। डीएम के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किरतपुर, चंदक और नूरपुर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में गंदगी और अव्यवस्थाएं मिलीं। उन्होंने कहा कि इन पीएचसी सहित जिले के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी का संचालन शुरू कराएं। समीक्षा के दौरान पाया गया कि वर्तमान में जिले में कुल 62 हॉटस्पॉट क्षेत्र हैं। डीएम ने जिला नोडल अधिकारी क्वैक्स को निर्देश दिए कि जिले में एक भी अनाधिकृत चिकित्सक चिकित्सा कार्य करता हुआ नहीं पाया जाना चाहिए और कोई मिले तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं। डीएम ने एडीएम प्रशासन को निर्देशित किया कि वह ग्राम स्वाहेड़ी स्थित लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र में स्थापित कोविड केयर सेंटर में सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराएं।
इस अवसर पर सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व अवधेश कुमार मिश्र, एडीएम न्यायिक डा. नितिन मदान, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा. अनिल कुमार मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विजय कुमार यादव, एसीएमओ डा. एसके निगम, सीएमएस डा. ज्ञानचंद के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।