बिजनौर में डीएम जगतराज ने ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल की ग्राम पंचायत खलीउल्लापुर के ग्राम प्रधान सुशील कर्णवाल को उसके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को देखते हुए प्रधान पद से हटा दिया है।
ग्राम पंचायत खलीउल्लापुर के निवासी लवकुश शर्मा ने ग्राम प्रधान सुशील कर्णवाल के विरुद्ध शिकायती पत्र दिया था। इसमें कहा गया था कि प्रधान आपराधिक प्रवृत्ति का होने के कारण पूर्व में जिला बदर किया जा चुका है। इसलिए उसे प्रधान पद से हटाया जाए। इसकी जांच डीएम ने एसडीएम से कराई, जिसमें पाया गया कि ग्राम प्रधान के खिलाफ सात आपराधिक वाद थाना मंडावर में दर्ज है। उसे आपराधिक प्रवृत्ति के होने के कारण वर्ष 2012 में जिलाबदर किया जा चुका है। ग्राम प्रधान सुशील कर्णवाल ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों को झूठा बताया है। प्रधान का कहना है कि उसके खिलाफ दर्ज किसी भी आपराधिक मामले में उसे सजा नहीं हुई है। डीएम ने प्रधान को आपराधिक प्रवृत्ति का होने के कारण प्रधान पद से हटा दिया है।
प्रधान ने बताया अपनी जान को खतरा
बिजनौर। ग्राम पंचायल फतेहपुर नौआबाद के ग्राम प्रधान मोहम्मद अहमद ने गांव के ही कुछ व्यक्तिओं से अपनी जान को खतरा बताते हुए उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्राम प्रधान मोहम्मद अहमद का कहना है कि उसका गांव में जमीनी विवाद को लेकर उन लोगों से मुकदमा चल रहा है। यह लोगों उसे मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने व बलात्कार के झूठे मामले में फसाने की धमकी दे रहे हैं।